हनीमून से लौटने के बाद दुल्हन को नहीं मिली ससुराल में इंट्री, पति बोला...




मुज़फ्फरनगर : यूपी के मुज़फ्फरनगर की A2Z कॉलोनी में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां हनीमून से लौटकर आई दुल्हन को पति ने घर से निकाल दिया। कहा, 50 लाख रुपए लेकर आओ, तभी घर में घुसने देंगे। पति और ससुरालियों के व्यवहार से आहत दुल्हन ने ससुराल के बाहर ही टेंट लगवा कर धरना शुरू कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। करीब 2 घंटे तक दरवाजा खुलवाने की कोशिश करती रही, लेकिन ससुराल वालों ने दरवाजा नहीं खोला।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बुढ़ाना की शालिनी सिंघल की शादी 12 फरवरी को A2Z कॉलोनी के रहने वाले प्रणव सिंघल के साथ हुई थी। प्रणव सिंघल बिजनेस फैमिली से हैं। वह आर्किटेक्ट है। शादी सोलिटेयर होटल में बड़े धूमधाम से हुई थी। 15 फरवरी को शालिनी और प्रणव हनीमून मनाने इंडोनेशिया के बाली चले गए। करीब 10 दिन बाद दोनों लौटे। 5 मार्च तक शालिनी ससुराल में रही, 6 मार्च को होली का त्योहार मनाने मायके चली गई। 30 मार्च को होली के बाद शालिनी अपने ससुराल लौटीं तो उसे इंट्री नहीं मिली। ससुराल वालों ने 50 लाख रुपए दहेज की डिमांड की। पैसे न देने पर घर में घुसने से मना कर दिया।
इसी दिन से शालिनी ससुराल के बाहर धरना दे रही है। शालिनी ने बताया कि ससुराल लौटकर आई तो पति ने साफ शब्दों में कहा- शादी में बहुत खर्च हो गया है। घर बनाने में भी काफी पैसा लगा है। अपने पापा से 50 लाख रुपए लेकर आओ, वरना हम तुम्हें नहीं रखेंगे। यह रिश्ता यहीं खत्म हो जाएगा। ससुराल वालों ने घर का गेट अंदर से बंद कर लिया और उसे अंदर नहीं घुसने दिया। बतौर शालिनी वह घंटों दरवाजे के बाहर खड़ी रहीं, लेकिन किसी ने दरवाजा नहीं खोला। इस दौरान स्थानीय लोगों ने पुलिस को भी सूचना दी। पुलिस की टीम भी दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने दरवाजा नहीं खोला।
शालिनी के पिता पवन सिंघल ने बताया कि शादी में अपनी हैसियत के मुताबिक सब कुछ दिया था। लेकिन ससुराल वालों का लालच इतना बढ़ गया कि उन्होंने शालिनी को अपने घर में घुसने तक का हक नहीं दिया। यह घटना न केवल शालिनी के लिए, बल्कि उनके पूरे परिवार के लिए एक गहरा आघात है। हम लोग यहां पर धरना दे रहे हैं। सीओ नई मंडी रूपाली राय चौधरी ने बताया कि लड़की और लड़की के परिजनों ने अभी तक शिकायत नहीं दी है। पुलिस ने लड़की पक्ष को बताया है कि अगर कोई भी समस्या है तो वह लिखित में शिकायत दें। पुलिस पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई करेगी।

Related Posts
Post Comments

Comments