हाथ बांधकर ट्रेन के आगे कूदे शादीशुदा प्रेमी युगल, मचा कोहराम




UP News : बांदा में एक प्रेमी जोड़े ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दिया। दोनों ने एक दुपट्टे से हाथ बांधने के बाद यह खौफनाक कदम उठाया। दोनों का शव मंगलवार को रेल की पटरी पर क्षत-विक्षत हालत में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फोरेंसिक यूनिट मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामला गिरवा थाना क्षेत्र का है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, डिंगवाही गांव में रहने वाले प्रेमी-प्रेमिका दोनों शादीशुदा थे। प्रेमी नंदकिशोर (28) की शादी साल 2021 में हुई थी। उसका 1 बच्चा भी है। वह किसानी और मजदूरी करता था। घटना की जानकारी मिलते ही पत्नी बेहोश हो गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, प्रेमिका मोहिनी (20) की शादी पिछले साल हमीरपुर में हुई थी। वह अपने ससुराल में नहीं रहती थी। मायके में ही रहती थी। दोनों रात में घर से गायब थे। सुबह उनके मरने की खबर मिली। परिवार के लोग सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गये।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, नंदकिशोर के भाई सुशील ने बताया कि भाई का शव आज सुबह मिला है। पता नहीं उसका क्या मामला था ? हम लोगों को इसकी जानकारी नहीं थी। वहीं मोहिनी के पिता शिव शंकर भी कुछ भी बोलने को तैयार नहीं। वह सबसे हाथ जोड़कर कुछ भी पूछने से मना करते दिखे। नंदकिशोर के पक्ष के एक रिश्तेदार ने बताया-5 साल से दोनों का अफेयर था। लेकिन, अलग जाति और एक गांव होने की वजह से परिवार के लोग शादी के लिए तैयार नहीं थे। दोनों के घर में कई बार झगड़ा भी हुआ था। इन लोगों ने नंदकिशोर की जबरन शादी भी करवा दी थी।
Comments