बलिया में चोरों ने खंगाला दो बंद मकान, जांच में जुटी पुलिस




बैरिया, बलिया : बैरिया थाना क्षेत्र के रानीगंज बाजार से सटे हॉस्पिटल रोड कोटवा मोड पर स्थित एक बंद मकान का ताला काटकर चोरों ने लगभग 20 हजार नगद व लाखों रुपए के सोने और चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। इसकी जानकारी शुक्रवार की देर शाम राजस्थान से वापस लौटे गृह स्वामी व परिजनों को तब हुई। ताला टूटा था और घर के सामान बिखरे थे। 20 हजार नगद व सोने, चांदी के जेवरात तथा कीमती कपड़े आलमारी से गायब थे।
बता दें कि हॉस्पिटल रोड कोटवा मोड पर मनोज श्रीवास्तव ने अपना मकान बनवाया है। मकान बंद कर पूरा परिवार राजस्थान गया था। वहां से लौटने पर घर में चोरी की जानकारी हुई। बैरिया पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मामला पंजीकृत किया है। एसएचओ रामायण सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। छानबीन की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इसी क्रम में चकिया गांव में बंद मकान से लगभग 40 लाख रुपए का सोना-चांदी का आभूषण चुरा लिए जाने की तहरीर पीड़ित दीनानाथ मिश्र ने शुक्रवार को बैरिया पुलिस को दिया है। आरोप है कि वह पूरे परिवार के साथ दिल्ली रहते हैं। घर आए तो देखें कि घर का ताला टूटा हुआ है। अंदर से सोने चांदी के जेवर गायब है। दीनानाथ मिश्र ने बताया कि उनका पूरा परिवार दिल्ली रहता है। वह आए तो घर में चोरी होना पाए। कब चोरी हुई है, यह वह नहीं बता पा रहे हैं। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
शिवदयाल पांडेय मनन
Comments