9 साल की बालिका से दुष्कर्म, पुलिस मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार
UP News : बाराबंकी शहर कोतवाली क्षेत्र में रेलवे स्टेशन के पास एक कॉलोनी में शनिवार को दिन में करीब चार बजे एक युवक ने घर में घुसकर नौ साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। मां ने अंदर लहूलुहान बच्ची को बेसुध देखा तो उसके होश उड़ गए। शाम को केस दर्ज करने के बाद पुलिस ने तीन घंटे के अंदर आरोपी युवक को मुठभेड़ में गोली मार दी। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार बच्ची उसकी मां व करीब 14 साल का भाई साथ में रहते हैं। बच्ची के पिता का मां से संबंध विच्छेद हो चुका है। शनिवार की दोपहर बाद बच्ची की मां व भाई किसी काम से घर से बाहर गए थे। इसी दौरान पिछले कई साल से पड़ोस में ही रहने वाला 30 साल का युवक विजय घर में घुस गया और नौ साल की बच्ची से दुष्कर्म किया। मां घर के अंदर पहुंची तो विजय घर से बाहर निकल रहा था और भाग गया। अंदर घर में खून बिखरा पड़ा था और बच्ची बेसुध पड़ी थी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शाम सात बजे केस दर्ज कर विजय को दबोच लिया। कोतवाल अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने खून से सने कपड़े शहर के निकट बंद पड़ी शुगर मिल के खंडहर में छिपाए हैं। पुलिस रात करीब 10 बजे उसे लेकर खंडहर गई। जहां उसने कपड़ों के साथ लोडेट तमंचा छिपा रखा था। उसने अचानक तमंचा लेकर पुलिस पर फायर झोंक दिया। जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में उसे घेर कर गोली चलाई। गोली उसके बाये पैर में लगी।
आरोपी कानपुर का मूल निवासी
आरोपी विजय मूल रूप से कानपुर का निवासी है। वह शराब भी पीता है। पहले वह जीआरपी के खंडहर नुमा कॉलोनी में रहता था मगर बाद में किराए के कमरे में अपनी पत्नी के साथ रहने लगा। उसे अवैध वेंडर बताया जा रहा है। एएसपी उत्तरी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि बच्ची का इलाज कराया जा रहा है। पुलिस तेजी से कार्रवाई कर रही है।
Comments