पेड़ पर लटके मिले प्रेमी युगल के शव, तीन माह पहले हुई थी युवक की शादी




UP News : यूपी के बाराबंकी जिले के मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के बिहुरा गांव में गुरुवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के बाहर एक पेड़ से प्रेमी युगल के शव लटके मिले। दोनों अलग-अलग समुदाय से थे और चार वर्षों से प्रेम संबंध में थे। युवक की शादी तीन महीने पहले ही हुई थी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सूरज (21) पहाड़पुर गांव का निवासी था। वहीं युवती निशा बानो (18) पड़ोसी गांव बिहुरा की रहने वाली थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध था, लेकिन सामाजिक और धार्मिक बंदिशों के चलते उनकी शादी संभव नहीं थी। कुछ दिन पहले दोनों घर से भाग निकले थे, लेकिन परिजनों के दबाव में लौट आए। इसके बाद परिजनों ने तीन माह पहले सूरज की शादी कर दी।
रात करीब दो बजे सूरज की पत्नी ने बताया कि वह घर से गायब है। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। गुरुवार सुबह गांव के कुछ लोग खेत की ओर गए तो देखा कि आम के पेड़ से दो शव फंदे पर लटके हैं। दोनों की पहचान सूरज और निशा के रूप में हुई। बताया गया कि दुपट्टा और गमछा जोड़कर फांसी का फंदा बनाया गया था। घटना की सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं सूरज की नवविवाहित पत्नी, जिसके हाथों से मेहंदी का रंग अभी पूरी तरह उतरा भी नहीं था, सदमे में है। वह रोते रोते अचेत हो जा रही है। इस घटना को लेकर गांव में शोक और सनसनी है।


Comments